मथुरा। आपूर्ति विभाग व पुलिस की टीम ने बृहस्पतिवार को पानीगांव में अवैध तरीके से हो रही गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया है। व्यावसायिक सिलिंडरों में गैस भरकर बाजारों में आपूर्ति की जा रही थी। टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मौके से 218 गैस सिलिंडर समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी को बीते दिनों पानीगांव-मांट रोड पर पेट्रोल पंप के निकट गोदाम में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग कर बाजार में महंगे दामों पर बेचने की शिकायत मिली थी। आपूर्ति विभाग ने राजस्व और पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम का गठन किया। टीम ने बृहस्पतिवार को मांट-वृंदावन रोड पर चिह्नित मार्केट के छापा मारा तो अफरातफरी मच गई। हॉकर सिलिंडर छोड़कर भाग निकले, जबकि वृंदावन के कैलाश नगर निवासी जसवीर सिंह को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बीते एक साल से हॉकरों के साथ मिलकर गैस रिफिलिंग का कार्य कर रहा था। गैस सिलिंडर में भरने के बाद वृंदावन, लक्ष्मीनगर और राया आदि क्षेत्रों में आपूर्ति की जाती थी। टीम ने व्यावसायिक व घरेलू 218 गैस सिलिंडर रिफिलिंग की पांच पंप मशीनें, चार पाइप नोजल, दो तौल मशीनें, एक जनरेटर और दो लोडर वाहन भी बरामद किए हैं। डीएसओ संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सिलिंडर इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम में रखवाए गए हैं।