मथुरा। चुनाव के दौरान किसी अधिकारी अथवा कर्मचारी की तबीयत बिगड़ी तो उसे तुरंत दवा मिलेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने 2500 मेडिसिन किट तैयार कराई हैं, जोकि प्रत्येक बूथ पर उपलब्ध रहेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके वर्मा ने बताया कि गर्मी काफी है।
ऐसे में किसी भी व्यक्ति का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। गर्मी के कारण बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त आदि हो सकते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए ही दवा की किट तैयार की गई है। किट में पैरासीटामोल, डोमपैरीडोन, एसीक्लोनोफिक, सिप्रोफ्लोक्सानिन, रैनीटिडिन, लीवोसैट्रिजिन, ओआरएस के पैकेट, कॉटन, बीटाडिन ट्यूब, बैंडेज रोल आदि होंगे।
चिकित्सकों-कर्मचारियों के अवकाश निरस्त
सीएमओ डॉ. एके वर्मा ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। बृहस्पतिवार को जिले के अधिकारी भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं को परखेंगे। चुनाव वाले दिन भी सभी केंद्र खुलेंगे।
वहीं सीएमएस डॉ. मुकुंद बंसल ने बताया कि महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को अलर्ट किया है। सभी अपना-अपना मोबाइल ऑन रखेंगे। इमरजेंसी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा जाएगा।