गर्मी में आइसक्रीम की बिक्री बढ़ जाती है। इसमें मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को अलग-अलग क्षेत्रों से आइसक्रीम, पनीर, पाम ऑयल समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। वहीं एक्सपायरी डेट की आइसक्रीम को टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया।
विज्ञापन
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में शनिवार को अभियान चलाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान पाल सिंह के नेतृत्व में सचल दल द्वारा जयसिंहपुरा से अंजीर बादाम प्रीमियम आइसक्रीम का एक नमूना, वनीला आइसक्रीम का एक नमूना, कुल्फी का एक नमूना, आर्टिफिशियल स्ट्राबेरी फ्लेवर और रिफाइंड पाम ऑयल का नमूना लिया। वहीं गोविंद नगर से अमेरिकन नट आइसक्रीम और वनीला आइसक्रीम का एक-एक नमूना लिया। इस दौरान 22400 रुपये कीमत की 80 आइसक्रीम एक्सपायरी डेट की होने के चलते नष्ट करा दी गईं।
चेकिंग के दौरान विकास बाजार में बोलेरो पिकअप से विक्रय के लिए लाया गया पनीर व मसाला पनीर का एक-एक नमूना भी लिया गया। कुल 9 नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। सचल दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दलवीर सिंह, मोहर सिंह, जितेंद्र सिंह, भरत सिंह और अरुण कुमार शामिल रहे।