मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को एक विवाहिता ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने महिला को फंदे से लटका देखा तो होश उड़ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मायके वालों को सूचना दे दी है। शादी के 13 वर्ष बाद भी संतान न होने से आहत विवाहित के आत्महत्या करने का कारण बताया जा रहा है।
विज्ञापन
भरतपुर जिले की रहने वाली पारुल सैनी की वर्ष 2011 में गोविंद नगर थाना क्षेत्र में किशोरी नगर निवासी राकेश सैनी के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से पारुल के कोई संतान नहीं हुई। उन्होंने काफी समय तक वैद्य और महिला डॉक्टरों से भी उपचार कराया, लेकिन प्रयास विफल रहा। संतान न होने पर दंपती में विवाद भी होता था। इसी बीच मंगलवार रात को पारुल ने कमरे में जाकर पंखे के कुंडे से फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया है कि प्रथमदृष्टया सामने आया है कि संतान नहीं होने के कारण पति से आए दिन झगड़ा होता था। इसी बात से आहत होकर महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी है। उन्होंने बताया मामले में शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।