दिवाली पर्व के बाद आए पहले वीकेंड पर धर्मनगरी वृंदावन में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। शनिवार सुबह से ही आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारीजी के दर्शनों के लिए देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर के बाहर जमा हो गई। भक्तों का उत्साह इतना अधिक है कि मंदिर के बाहर करीब 500 मीटर लंबी कतारें लग गईं। गलियों में पैर रखने तक की जगह नहीं रही।
विज्ञापन
">http://
भीड़ का दबाव बढ़ने के कारण बांकेबिहारी मंदिर की ओर जाने वाली सभी प्रमुख गलियां और संपर्क मार्ग पूरी तरह से चोक हो गए हैं। संकरी गलियों में श्रद्धालुओं के रेले के चलते स्थिति ऐसी बन गई कि लोगों को आगे बढ़ने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। मंदिर के पट खुलने के साथ ही जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
यातायात व्यवस्था चरमराई, प्रमुख मार्गों पर जाम
शनिवार और रविवार के अवकाश के चलते बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की संख्या में अचानक भारी इजाफा हुआ है। इसका सीधा असर नगर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। वृंदावन के प्रवेश द्वारों से लेकर प्रमुख चौराहों और पार्किंग स्थलों के आसपास दिन भर भीषण जाम की स्थिति बनी रही, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।