Banke Bihari Mandir: श्रीबांकेबिहारी मंदिर की कुंज गलियों में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। भीड़ इस कदर उमड़ी कि सुरक्षाकर्मियों के पसीने छूट गए। इस दौरान एक महिला श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल उपचार दिलाया गया।
Vrindavan News: वृंदावन के ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में बृहस्पतिवार को एक बार फिर आराध्य के दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। श्रद्धालुओं ने भीड़ के दबाव के बीच आराध्य के दर्शन किए। इस बीच मंदिर के गेट संख्या दो के समीप एक वृद्ध महिला की तबीयत बिगड़ गई। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार आ सका।
विज्ञापन
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में कई दिनों के बाद सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। मंदिर का चौक और प्रवेश मार्ग एवं गलियों में जबर्दस्त भीड़ रही। मंदिर के द्वार पर लगे पुलिसकर्मी और सुरक्षा गार्ड श्रद्धालुओं को रस्सा लगाकर रोक-रोककर कुछ समय के अंतराल में मंदिर ओर बढ़ा रहे थे। इसके बावजूद मंदिर की संकरी गलियों और चौक में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
महिला, बुजुर्ग और बच्चे रहे परेशान
भीड़ के दबाव में सर्वाधिक परेशानी महिलाओं, छोटे बच्चे और बुजुर्गों को हुई। इस बीच मंदिर के गेट संख्या दो पर भीड़ के दबाव के बीच दिल्ली यमुना नगर निवासी फूल कुमारी देवी (65) पत्नी हरिश्चंद्र की सांस लेने में परेशानी होने के साथ ही चक्कर आ गए।
महिला का तत्काल किया गया उपचार
महिला के साथ आए परिजनों ने सुरक्षा गार्डों की मदद से श्रद्धालु महिला को भीड़ के बीच से बाहर मंदिर के चबूतरे की ओर निकाला और गेट पांच पर तैनात डॉक्टरों की टीम के पास ले गए। डॉक्टरों ने श्रद्धालु महिला को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद महिला की हालत में सुधार आने पर परिजन उन्हें अपने साथ ले गए।
खाली पेट न आएं दर्शन करने
चिकित्सा अधिकारी डाॅ. धारा ने बताया कि खाली पेट, बीमार एवं ज्यादा बुजुर्ग श्रद्धालु मंदिर में भीड़ के समय न आएं। खाली पेट भीड़ के बीच आने पर तबीयत खराब होने की संभावना रहती है। इसलिए भोजन करके और यदि किसी तरह की दवा चल रही है तो वह लेकर ही मंदिर आएं। इसके साथ ही दवा और पानी साथ लेकर चलें।