हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा है कि स्कैम का मतलब ‘सेव कंट्री फ्रॉम अमित और मोदी’ है। देश और प्रदेश के विकास में भाजपा की दिलचस्पी नहीं है। वो सिर्फ सरकार बनाने के लिए प्रयासरत है। कालेधन को बाहर लाने के लिए उसने गरीबों को लाइन में लगा दिया।
गांव तंतूरा के सांरग विहार पार्क में कांग्रेस-सपा के संयुक्त प्रत्याशी प्रदीप माथुर के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मथुरा से हरियाणा का रिश्ता रोटी-बेटी का रहा है। जंतर-मंतर पर अभी भी जवान भूख हड़ताल पर बैठे हैं। भाजपा सरकार की नीति, नीयत और नेता ही सही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता नकार देगी।
भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि विधायक प्रदीप माथुर ने मथुरा का विकास कराया है। हरियाणा से यमुना में पानी छोड़ने के लिए कई बार कहा। विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि जनता ने पहले सांसद मुंबई की चुन ली तो अब क्या विधायक भी बाहरी बनाओगे। इससे पूर्व भरतपुर के पूर्व सांसद रतन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस प्रदीप कंसल ने भी सभा को संबोधित किया।
यहां जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसौदिया, सपा जिलाध्यक्ष तनवीर अहमद, शहर अध्यक्ष कांग्रेस आबिद हुसैन, पूर्व मंत्री चौ. सरदार सिंह, महिला अध्यक्ष मन्ना ठाकुर, कमलेश चौधरी, नीलम कुलश्रेष्ठ, मयंक माथुर, विनेश सनवाल, मलिक अरोड़ा, पूरन कौशिक, जागेश्वर यादव आदि उपस्थित रहे।