मथुरा। सील एरिया मनोहरपुरा क्षेत्र में झुंड लगाकर खड़े बच्चे और लोग ।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। शहर में कोविड-19 हॉटस्पॉट के कोई मायने नहीं रह गए हैं। गली-मोहल्लों से लेकर शराब की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। मनोहरपुरा हो या फिर चौबियापाड़ा की गलियां, यहां सुबह से शाम तक आम दिनों की भांति चहल पहल रहती है। लोग गलियों में बैठे रहते हैं। दूध और सब्जी की खरीद के दौरान भीड़ लग जाती है। खामोशी तो सिर्फ मुख्य मार्ग पर ही नजर आती है।
करीब 10 दिन पहले शहर के बड़े हिस्से को हॉटस्पॉट घोषित किया गया था। इस क्षेत्र में दो लाख से अधिक लोग रहते हैं। पुलिस प्रशासन ने इस क्षेत्र की 26 गलियों को सील कर दिया है, लेकिन अंदरूनी इलाकों में पुलिस कार्रवाई का कोई असर नहीं है। लोग भीड़ लगाकर गलियों में बैठे रहते हैं। दूध, सब्जी आदि की खरीदारी के लिए भीड़ लग जाती है। छोटे-छोटे बच्चे बगैर किसी सावधानी के खरीदारी करते हुए नजर आ जाएंगे। इनके लिए कोविड-19 के कोई मायने नहीं है। हॉटस्पॉट मड़ी रामदास, कच्ची सड़क, मनोहरपुर, मटिया गेट, मेवाती मोहल्ला, चाबिया पाड़ा, छत्ता बाजार में लोगों की मौजूदगी अब आम दिनों की भांति नजर आती है।
पुलिस सिर्फ इन क्षेत्रों के प्रवेश द्वार की निगरानी कर रही हैं, न कि अंदरूनी क्षेत्र की। इसके अलावा शराब की दुकानों पर भी कोविड-19 को लेकर जारी दिशानिर्देश का पालन नहीं किया जा रहा है। शराब के खरीदार बगैर दूरी बनाए खरीदारी करते हुए किसी भी दुकान पर नजर आ जाएंगे। हॉटस्पॉट इलाकों में शासन के आदेश का अनुपालन सिर्फ शहर की मुख्य सड़कों पर ही नजर आ रहा है। इस संबंध में एसपी सिटी अशोक मीणा का कहना है कि हॉटस्पॉट एरिया में काफी सख्ती बरती जा रही है। हर हाल में लॉकडाउन का पालन कराया जाएगा। इस क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।