स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे मुख्यमंत्री आरोग्य मेला।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले रविवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे, जिनमें 2025 लोगों का चेकअप और उपचार किया गया।
सुखदेव नगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके गुप्ता ने फीता काटकर आरोग्य मेले का शुभारंभ किया। उनके साथ शहरी स्वास्थ्य मिशन के नोडल डॉ. मान पाल सिंह व डॉ. भूदेव एवं उमाशंकर उपस्थित रहे। इन मेलों में कोविड-19 के 547 लोगों के एंटीजन टेस्ट किए गए। साथ ही विभिन्न रोग जैसे 72 डायबिटीज, रक्त अल्पता के 76 रोगी पहुंचे।
190 गर्भवती महिलाओं ने भी अपनी जांच कराई। आरोग्य मेलों में एलोपैथी व आयुष के 88 चिकित्सक जुटाए थे। बुजुर्ग व बच्चों की जांच की गई है। जिला स्वास्थ्य शिक्षा व सूचना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोग्य मेलों में अन्य बीमारी जैसे सांस रोगी, उदर रोगी, शुगर, ब्लड प्रेशर आदि बीमारियों के कुल 507 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्हें दवा दी गई। त्वचा रोगी ज्यादा पहुंचे। इनकी संख्या 504 रही। 14 मरीज ऐसे आए जिनको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।