मैनपुरी के बेवर में जीटी रोड पर कंटेनर की टक्कर से बाइक उसके पिछले पहिये में फंस गई, जिससे महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। आरोप है कि चालक कंटेनर नहीं रोककर करीब तीन किलोमीटर तक बाइक को घसीटता रहा, जबकि महिला का पति गंभीर घायल हो गया।
जीटी रोड पर मंगलवार तड़के करीब 4:15 बजे दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कंटेनर की टक्कर से बाइक उसके पिछले पहिये में फंस गई। चालक कंटेनर को रोकने के बजाय उसे दौड़ाता रहा। हादसे में बाइक सवार महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। तीनों के शव करीब तीन किलोमीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
Trending Videos
मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के कछपुरा निवासी बार्बी (32) जिलाधिकारी कार्यालय में सफाई कर्मचारी बताए जा रहे हैं। वह सोमवार रात बेवर स्थित ससुराल से पत्नी सुमन (30), चार वर्षीय बेटी प्रियांशी और एक वर्षीय बेटी के साथ बाइक से मैनपुरी लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 4:15 बजे जीटी रोड पर बेवर की ओर से आ रहे कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक कंटेनर के पिछले पहिये में फंस गई।
आरोप है कि हादसे के बाद कंटेनर चालक ने वाहन नहीं रोका। बाइक के साथ सुमन और दोनों बच्चियां भी करीब तीन किलोमीटर तक घिसटती चली गईं। इस दौरान उनके शव क्षत-विक्षत हो गए। सड़क पर कई जगह शवों के अवशेष बिखर गए।
बाइक और कंटेनर में लगी आग
बाइक के कंटेनर के पहिये में फंसने के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। कंटेनर में लदा स्पोर्ट्स शूज का सामान भी जल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाने के साथ हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लिए जाने की बात कही है।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
हादसे में घायल बार्बी को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।