चौमुहां (मथुरा)। विकास खंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तैनात ग्राम रोजगार सेवकों ने 12 माह से मानदेय न मिलने मंगलवार को चौमुहां ब्लॉक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अपनी मांगों के समर्थन में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन पंजीकृत डाक के जरिए भेजा।
ग्राम रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष झब्बू सिंह के नेतृत्व में जुटे दर्जनों कर्मियों ने नारेबाजी की। उपाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि एक साल से मानदेय न मिलने के कारण घरों की आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है। इनके साथ पूरन सिंह, चंदन सिंह, तुहीराम आदि ने भी मानदेय न मिलने पर आर्थिक संकट की बात कही।
सीएम को भेजे पत्र में ग्राम रोजगार सेवकों की कंटीजेंसी (आकस्मिकता) व्यवस्था को तत्काल समाप्त करने की मांग की है। इस मौके पर चंद्रपाल सिंह, मानसिंह, तेजपाल सिंह, योगेश कुमार, विष्णु, सतीश आदि मौजूद रहे।