मथुरा। होमगार्ड भर्ती परीक्षा में पूछे गए सवालों ने अभ्यर्थियों के पसीने छुड़ा दिए। किसी को सामान्य ज्ञान के प्रश्न कठिन लगे तो किसी को तर्कशक्ति के सवालों उलझा दिया। कई अभ्यर्थियों को पंचवर्षीय योजनाओं के आंकड़ों और इतिहास की गहराइयों से जूझना पड़ा।
परीक्षार्थियों के अनुसार पेपर का स्टैंडर्ड एसआई भर्ती परीक्षा जैसा महसूस हुआ, जिसमें विभिन्न विषयों के जटिल और उलझाऊ सवालों ने उन्हें काफी मशक्कत कराई। जबकि कि कुछ अभ्यर्थियों की परीक्षा के स्तर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दिखाई दी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के पहले दिन शनिवार को जनपद के 17 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और सघन चेकिंग के बीच शुरू हुई। प्रथम पाली में सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर पंहुच गए। केंद्र के भीतर प्रवेश से पहले सघन तलाशी ली गई। इसके बाद परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी के जरिए निगरानी की गई।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने होमगार्ड इनरोलमेंट 2025 की परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज केंद्र का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम के जरिए परीक्षा कक्षों की निगरानी की और बायोमेट्रिक स्टाफ को सत्यापन कार्य में पूर्ण शुचिता बरतने के कड़े निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने परिसर में कड़ी चौकसी बनाए रखने और गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक पूरा कराना है।