मथुरा। मथुरा के राजा ठाकुर द्वारिकाधीश का आंगन 9 फरवरी पूर्णमासी के बाद पड़वा से होली की रसिया और ढप की तान से गूंज उठेगा। यहां भक्त जमकर थिरकेंगे और अपने आराध्य को रिझाएंगे भी। इस परंपरागत होली की तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं।
मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि 9 फरवरी को पूर्णमासी है और 10 को पड़वा से द्वारिकाधीश मंदिर में परंपरागत होली की रसिया का गायन शुरू हो जाएगा। सुबह 10 से 11 बजे तक ढप की तान पर रसिया मंडल के पदाधिकारी ठाकुरजी को रसिया सुनाएंगे। इन रसिया और गीतों की धुन पर भक्त भी जमकर थिरकते नजर आएंगे। इसी दिन से मंदिर में गुलाल की होली भी होगी। ब्रज फाग द्वारकेश रसिया मंडल के अध्यक्ष पारा चौबे, संरक्षक चुन्नीलाल चतुर्वेदी, मंत्री छोटेलाल, मेला संयोजक प्रमोद चतुर्वेदी ने बताया कि 31 दिवसीय होली महोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं।
रंगभरनी एकादशी पर कुंज में विराजेंगे राजाधिराज
द्वारिकाधीश मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारीब ने बताया कि रसिया गायन रंग भरनी एकादशी तक नित्य प्रतिदिन चलता है रहेगा। उन्होंने बताया कि (कुंज एकादशी) रंगभरनी एकादशी पर राजाधिराज भक्तों को कुंज में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। वहीं तेरस को बगीचा में होली खेलेंगे और धुलेड़ी पर मंदिर में ढोल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।