मथुरा। ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से पशु चिकित्सक ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच में आ गया। घटना में चिकित्सक की मौत हो गई। मध्यप्रदेश के झाबुआ जिला के थाना व कस्बा थांदला निवासी विमल कुमार त्रिपाठी पशु चिकित्सक हैं। वे मंगलवार को रिश्तेदार अजीतमल निवासी आशुतोष मिश्रा व उनके परिवारीजनों के साथ गिरराज परिक्रमा को आए थे।
देर रात 12:50 बजे उनको स्वराज एक्सप्रेस के एस-3 कोच से मेघनगर जाना था प्लेटफार्म तीन पर जब वो ट्रेन में चढ़ने लगे उस समय ट्रेन चल दी। चढ़ते समय विमल कुमार त्रिपाठी का पैर फिसल गया और वह प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच में फंस गए।
विमल के रिश्तेदारों ने शोर मचाया और दूसरे कोच में चढ़कर चेन खींच दी। जीआरपी ने फंसे हुए विमल कुमार त्रिपाठी को निकाला और ट्रेन को रवाना किया। घटना में विमल कुमार त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए। जीआरपी उनको अस्पताल ले जाने लगी, रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।