वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन की लीला न्यारी, होरी खेलें राधा संग बिहारी...। वृंदावन की कुंज गलियों में वैसे तो होली का आगाज बरसाने के बाद ही हो जाता है लेकिन भक्तगण ठाकुर जी के साथ रंगभरनी एकादशी से आमने-सामने आ जाते हैं। यह रंगभरनी एकादशी 6 मार्च को है। इस दिन से ठाकुर बांके बिहारी मंदिर सहित सभी मंदिर में भक्तों द्वारा जमकर गुलाल उड़ाया जाएगा। बिहारी जी चंदन चबूतरा पर विराजमान होंगे और उनकी ओर से भी गुलाल उड़ाया जाएगा। इसके लिए मंदिर प्रशासन सहित पुलिस ने भी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
वृंदावन में माना जाता है कि प्रिया (राधारानी) प्रियतम (भगवान श्रीकृष्ण) ने प्रेम भरी लीलाएं की थीं। उन्हीं लीलाओं में से एक लीला है होली। रंगभरनी एकादशी से प्रिया-प्रियतम होली की लीलाओं में मग्न हो जाते हैं। प्रेम के जिस रस में डूबे रहते हैं भक्तगण उसी प्रेम रस का पान करते हैं। इस दिन ठाकुर बांके बिहारी जी महाराज गर्भगृह से निकलकर बाहर आ जाते हैं और लगातार पांच दिन तक बाहर ही रहकर रसिकों के साथ होली खेलते हैं। इस दिन ठाकुर बांके बिहारी जी का ऐसा अद्भुत शृंगार देखने को मिलेगा कि भक्तगण इस शृंगार पर अपनी सुध-बुध खो देंगे। पांच दिन तक वह लगातार मलमल की सफेद पोशाक धारण करेंगे। कमर गुलाल फैंटा होगा तो हाथ में फूलन की छड़ी होगी। इस दिन मस्त होकर श्रद्धालुगण बोलते हैं कि -
चोबा, चंदन, अतर, अरजजा, लाल गुलाल मले होरी,
केसर कीच मले गालन पै, ले रहे चोट ग्वाल ढालन पै...
यानि कि इस दिन ठाकुर की श्वेत पोशाक पर सबसे पहले गोस्वामीगण केसर की पिचकारी भरकर मारेंगे। इसके बाद वह इस केसर को टेसू के रंग में मिलाकर भक्तों पर डालेंगे इसके साथ ही शुरू हो जाएगी बिहारी जी महाराज के आंगन में होली का आनंदोत्सव। इस दिन सुबह तथा शाम को भी बिहारी जी बाहर आकर होली खेलेंगे।
ऐसी अद्भुत होरी कहीं नांय मिलैगी...
रंगभरनी एकादशी के दिन सुबह पन्नालाल गोस्वामी तथा शाम को कन्हैयालाल गोस्वामी तथा घनश्याम गोस्वामी सेवा में रहेंगे। कन्हैयालाल गोस्वामी ने होली के बारे में बताते हुए कहा कि ऐसी अद्भुत होरी कहीं भी नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि - बांके बिहारी के बांके पुजारी, रंग गुलाल के बीच खड़े, ब्रज मंडल ते नभ मंडल तक, ब्रज की होरी लठ गढ़े।
उन्होंने बताया कि इस दिन ठाकुर जी का विशेष शृंगार होगा। उन्हें होली के हुरियारे के रूप में सजाया जाएगा। इस दिन वह राधारानी संग होली खेलते हैं। दोनों और से रंगों की बौछार होती है तब भक्तगण होली की शुरूआत करते हैं।
मंदिर प्रशासन तथा पुलिस ने की तैयारी
6 मार्च को रंगभरनी एकादशी की तैयारियां मंदिर प्रशासन ने मंगलवार रात से ही प्रारंभ कर दी हैं। भीड़ के दबाव को देखते हुए मंदिर के बाहर लोहे की बल्लियां लगा दी हैं और अंदर भी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। वह मंदिर के अंदर जाने तथा निकालने के लिए गेटों का चयन कर चुके हैं साथ ही विशेष परिस्थितियों के लिए भी पुलिस तथा मंदिर प्रशासन ने तैयारियों कर ली हैं।