रमणरेती आश्रम महावन में गुुरुवार को होली महोत्सव मनाया गया। गोपाल जयंती महोत्सव में हुए कार्यक्रम के चौथे दिन हजारों श्रद्धालुओं ने संतों और ठाकुरजी संग जमकर होली खेली। वृंदावन के प्रमुख रासाचार्य व पूर्व विधायक स्वामी रामस्वरूप शर्मा की मंडली ने ब्रजभाषा में अद्भुत गायन कर होली गीत प्रस्तुत किए। होली कार्यक्रम में राधा की सखियों और कृष्ण के सखा ग्वाल-वालों के बीच हंसी ठिठोली और मजाक के दौर चले।
होली में फूलों की होली, लठामार होली, होली गीत प्रस्तुत किए गए और जमकर नृत्य किया। कृष्ण की बाल लीलाओं के बीच मंडली के कलाकारों ने ‘बांके बिहारी कजरारे तेरे मोटे-मोटे नैन.., सुन बरसाने वारी गुलाम तेरौ बनवारी.., होरी खेलन आयौ श्याम आज जाय रंग में बोरौ री.., मेरो मन लाग्यो मुरलिया बारे तें..आदि की प्रस्तुति दी। इस बीच राधाकृष्ण बने कलाकारों, स्वामी गुरुशरणानंद, धर्माचार्य, विद्वान और संतों ने ठाकुर रमणबिहारी संग होली का आनंद लिया।