वृंदावन परिक्रमा मार्ग में गहरे गड्ढे को बड़े हादसे का इंतजार।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन। पानीघाट से श्यामकुटी जाएं तो जरा संभलकर। पंचकोसीय परिक्रमा में बीचों-बीच गहरा गड्ढा किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। स्थानीय लोगों ने राहगीरों को बचाने के लिए गड्ढे पर लकड़ी-झाड़ियां डाल दी हैं। खास यह है कि आजतक इस गड्ढे से नगर निगम ने मुंह मोड़ रखा है।
कई वाहन चालक इस गड्ढे के कारण घायल भी हो चुके हैं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। ब्राह्मण सेवा संघ के अध्यक्ष आचार्य आनंदवल्लभ गोस्वामी और स्थानीय निवासी प. सत्यभान शर्मा का कहना है कि करीब 25 दिन हो चुके हैं। अभी तक सड़कों के बीचों-बीच इस गड्ढे को बंद करने की जहमत नगर निगम ने नहीं उठाई है।
कई बार नगर निगम को इसकी जानकारी दी गई कि सीवर के इस गड्ढे को बंद किया जाए, जिससे राहगीरों का सफर सुरक्षित हो सके। अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि जल्द ही सीवर के गड्ढे को बंद कराया जाएगा।