बरसाना। रंगीली महल के सामने स्थित दिव्य ज्योति मैरिज होम में मंगलवार को आयोजित विश्व हिंदू परिषद की जिला बैठक में संगठन विस्तार और वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर गंभीर मंथन हुआ। इस दौरान हिंदू समाज को जातिवाद और आंतरिक विभाजन से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्री राम दरबार और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। बैठक में ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का गठन ही धर्म की जय और अधर्म के नाश के उद्देश्य से हुआ है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की रक्षा के साथ मठ-मंदिरों और गौरवशाली परंपराओं की सुरक्षा प्रत्येक कार्यकर्ता का परम दायित्व है। मथुरा विभाग के संगठन मंत्री उमाकांत ने जातिवाद, भाषावाद और क्षेत्रवाद को हिंदू समाज के लिए घातक बताते हुए कहा कि यदि समाज इन्हीं में उलझा रहा तो यह आत्मघाती सिद्ध होगा। बरसाना के सहार प्रकरण का उल्लेख करते हुए रोष व्यक्त किया। कहा कि अपनी ही आस्था के पालन में बाधा स्वीकार नहीं की जा सकती। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रणबीर सिंह ने की। विभाग मंत्री देवेंद्र चौधरी, जिला मंत्री गोपाल राजपूत और जिला संयोजक सुरजीत ने संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार रखे। संवाद