मथुर। जिले के लोगों में बढ़ते कोलेस्ट्रॉल के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिला अस्पताल में इन दिनों प्रतिदिन दर्जनों लोग सीने में दर्द, सांस फूलने और कमजोरी जैसे लक्षणों के साथ पहुंच रहे हैं। चिकित्सक इन संकेतों को हृदय संबंधी बीमारी के शुरुआती लक्षण बता रहे हैं। इन्हें अनदेखा न करने की सलाह डॉक्टर दे रहे हैं।
सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 15 से 20 मरीज ऐसे आ रहे हैं, जिन्हें सीने में दर्द, सांस लेने में कठिनाई, जल्दी थकान, चक्कर आना, शरीर में कमजोरी, कंधे, बांह या पीठ दर्द की शिकायत है। कई मरीजों की स्थिति गंभीर होने पर ईसीजी और खून की जांच करानी पड़ रही है। फिजिशियन डॉ. रवि माहेश्वरी ने बताया कि लोग अपनी दिनचर्या में बदलाव नहीं कर रहे हैं। तला, भुना भोजन, धूम्रपान और व्यायाम न करने की आदत उन्हें बीमार बना रही है। बताया कि बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल शुरुआत में कोई दर्द नहीं देता है लेकिन जब लक्षण दिखते हैं तो स्थिति गंभीर हो जाती है। समय पर जांच और दवा से इसे नियंत्रण में लाया जा सकती है।