खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर मथुरा में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इसके तहत जनपद के प्रमुख मंदिर और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एजेंसी की रिपोर्ट और सुरक्षा तंत्र पर चर्चा के लिए डीएम ने शुक्रवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक बुलाई है।
पाकिस्तान के पेशावर में आतंकी घटना के बाद देश में भी इस तरह के हमले की संभावना जताई जा रही है। इसके मद्देनजर देश की खुफिया एजेंसियाें ने उत्तर प्रदेश में भी सतर्कता बरतने को कहा है। जिसमें प्रमुख रूप से धार्मिक नगरी मथुरा शामिल है।
पहले भी खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट में मथुरा जनपद को संवेदनशील बताया गया है। इसका मुख्य कारण धार्मिक नगरी के मंदिरों में रोजाना भीड़ का रहना और देश विदेश से श्रद्धालु और पर्यटकों का आगमन है। इंडियन ऑयल कारपोरेशन की रिफाइनरी भी मथुरा में मौजूद है। थल सेना का स्ट्राइक वन कोर मुख्यालय भी मथुरा है।
ताजा घटनाक्रम में भी मथुरा को हाई अलर्ट क्षेत्र घोषित किया गया है। डीएम राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस और प्रशासनिक अफसर कलक्ट्रेट सभाकक्ष में सुबह 11 बजे सुरक्षा व्यवस्था की रणनीति पर चर्चा करेंगे। हाई अलर्ट घोषित होते ही मथुरा के साथ गोवर्धन और वृंदावन में चेकिंग बढ़ा दी गई है। प्रमुख मंदिरों में तैनात पुलिस बल को सतर्क किया है।
रिफाइनरी प्रशासन को सूचना देने के साथ रिफाइनरी की बाह्य सुरक्षा में पुलिस तैनात की गई है। बम निरोधक दस्ते निरीक्षण कर रहे हैं। गुरुवार को सीओ सिटी अजयपाल शर्मा के नेतृत्व में कृष्णानगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, पंजाब नेशनल बैंक, सर्राफा प्रतिष्ठानों के अलावा नए बस अड्डा पर चेकिंग की गई। सीओ सदर अनिल यादव के नेतृत्व में वृंदावन के मंदिरों और भीड़ वाले इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया गया। गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में पुलिस तैनात रही।
इंटेलीजेंस रिपोर्ट के आधार पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की बैठक बुलाई है।
राजेश कुमार, डीएम
प्रमुख प्रतिष्ठान -
1. मथुरा रिफाइनरी
2. श्रीकृष्ण जन्मस्थान
3. श्रीद्वारिकाधीश मंदिर, मथुरा
4. श्रीबांकेबिहारी मंदिर, वृंदावन