मथुरा। कोरोना वायरस के दौर में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाहियों की चर्चा जोरों पर हैं। इसी बीच महकमे की कुछ कारगुजारियां भी सामने आ रही हैं, जिन पर जांच शुरू हो गई है। शासन द्वारा भेजे गए नोडल अधिकारियों ने जब बारीकी से कोरोना वायरस से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग के इंतजामों की समीक्षा की तो चौंकाने वाले मामले सामने आते चले गए।
सबसे बड़ा मामला पीपीई किट की खरीद को लेकर है। बताया जा रहा है कि जो पीपीई किट स्वास्थ्य कर्मचारियों को दी गई है वह मानकों पर खरी नहीं उतरी है। इसी तरह चुनिंदा लोगों को होटल में क्वारंटीन करने का मामला भी जांच में है। इसी तरह विधायक निधि से मिली धनराशि के उपयोग की जांच भी शुरू हो गई है। जांच शुरू होते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के होश उड़ गए हैं।
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में स्वास्थ्य विभाग की नाकामी के चलते सीएमओ डॉ. शेर सिंह का तबादला कर दिया गया। लापरवाही का नतीजा यह निकला कि जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़ती चली गई। मथुरा को रेड जोन में शामिल कर दिया गया और शासन स्तर से नोडल अधिकारियों ने मथुरा में डेरा डाल दिया। लापरवाही को रोकने में मंथन कर रहे नोडल अधिकारी अनुराग यादव और कुणाल सिल्कु ने इंतजामों की जांच शुरू की तो कारगुजारियों की परतेें खुलती जा रही हैं।
इसी के तहत शुक्रवार को नोडल अधिकारी कुणाल सिल्कु ने सीएमओ दफ्तर में बनाई गई किचिन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मानकों की अनदेखी पर उन्होंने नाराजगी जताई है। बताया जा रहा है कि जांच में पीपीई किट के मानकों के अनुरूप न होने, क्वारंटीन सेंटरों में मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध न कराने, चुनिंदा लोगों केे होटल में ठहरवाने आदि कई मामले शामिल हैं। सीडीओ नितिन गौड़ ने बताया कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए दी गई विधायक निधि के उपयोग की जांच की जा रही है। यह धनराशि किन-किन मदों में खर्च की गई है।
क्वारंटीन सेंटर में खराब भोजन की शिकायत
मथुरा। पिछले दिनों वृंदावन के कृष्णा कुटीर क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण करने गए नोडल अधिकारियों से छाता के गांव सुपाना निवासी हरिओम ने सेंटर में मानकों के अनुरूप भोजन न मिलने की शिकायत की, कहा कि इस भोजन से मरीज ठीक नहीं होगा, बल्कि और बीमार हो जाएगा। इससे पहले मथुरा निवासी जीसस चतुर्वेदी ने भी क्वारंटीन सेंटर में खराब भोजन वितरण करने की शिकायत कर अनशन भी किया था। अधिकारियों ने इन शिकायतों पर जांच शुरू की है।
मास्क, पीपीई किट, ग्लब्स, दवाओं की खरीद की डिटेल मांगी
मथुरा। नोडल अधिकारी कुणाल सिल्कु कोरोना वायरस से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए इंतजामों की जांच कर रहे हैं। सिल्कु ने मास्क, पीपीई किट, ग्लब्स और दवाओं की खरीद की डिटेल स्वास्थ्य विभाग से मांगी है। बताया जा रहा है कि नोडल अधिकारी को कई स्तर से शिकायत मिली थी कि खरीद में मनमानी की गई है। कुछ लोगों केे लाभ देने की मंशा से खरीद की गई है। इसी के चलते नोडल अधिकारी ने खरीद की पूरी डिटेल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मांगी है।