फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान को खून के आंसू रुला गई बरसात

Tue, 01 Dec 2015 10:28 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला मथ्ाुरा
विज्ञापन
विज्ञापन
मंगलवार सुबह आई तेज बरसात किसानों को खून के आंसू रुला गई। सुबह किसान अपनी धान की उपज लेकर मथुरा अनाज मंडी पहुंचे थे, यहां नीलामी के लिए खुले आसमान के नीचे धान बिखरा पड़ा था।
विज्ञापन


लगभग दस बजे तेज गड़गड़ाहट के साथ बरसात शुरू हो गई। जैसे-जैसे बरसात तेज हुई किसानों के पैरों के नीचे से जमीन खिसकने लगी। हालात यह थे कि यहां सड़कों पर बिखरा धान बरसात के पानी के साथ नालियों में बहने लगा।

बरसात से बचाव को तिरपाल से ढका तो जलभराव के चलते धान बरसात के पानी में तैरने लगा। किसान बेबस होकर अपनी खून-पसीने की कमाई को नालियों में बहता हुआ देखते रहे। अपनी फसल बेचने आए किसान राजवीर की आंखों में आंसू छलक आए।
विज्ञापन


पूछने पर बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर धान किया था। इस बार बरसात कम होने के कारण उत्पादन आधा रह गया, अब वह भी बर्बाद हो गया। फसल भीगने के बाद खरीदारों ने भी बहुत कम दामों में धान खरीदा।

बरसात से बिगड़ी शहर की सूरत, तीन की मौत
बेमौसम हुई बरसात से शहर की सूरत बिगड़ गई। जगह-जगह जलभराव, गंदगी के कारण लोगों का सड़कों से निकलना दूभर हो गया। बिजली गिरने से मगोर्रा और बलदेव में एक महिला और एक वृद्ध की मौत हो गई, वहीं कोसीकलां में भी एक अधेड़ की जान चली गई। बलदेव और चौमुंहा क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों में काफी नुकसान हुआ है।

मंगलवार सुबह बिजली चमकने के साथ ही तेज गड़गड़ाहट के साथ बरसात शुरू हो गई। देर तक हुई बरसात से नया बसस्टैंड, भूतेश्वर, होली गेट, छत्ता बाजार, स्वामी घाट, पुराना बसस्टैंड सहित अधिकांश स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे राहगीरों में भारी परेशानी हुई।

सौंख संवाददाता के अनुसार मंगलवार को थाना मगोर्रा के ऊंचागांव में गुड्डी देवी की बिजली गिरने से मौत हो गई। वह नौहरे से कंडे लेने जा रही थीं। सूचना पर पुलिस पहुंच गई, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सौंख क्षेत्र के नगला देविया में विशंबर सिंह के मकान पर बिजली गिरने से मकान की दूसरी मंजिल में दरार पड़ गई।

बलदेव संवाददाता के अनुसार गांव हसनपुर गोंठा में दिगंबर सिंह (50) पुत्र रामप्रसाद की बिजली गिरने से मौत हो गई। वह खेतों की ओर घूमने गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और कानूनगो ने निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। क्षेत्र में ओलावृष्टि के साथ जमकर बरसात हुई।

शेरगढ़ संवाददाता के अनुसार गांव बहटा में बिजली गिरने से गांव के विपती की दो भैंस मर गईं। छाता संवाददाता के अनुसार बिजली गिरने से पीरपुर में रघुनाथ की भैंस मर गई। छाता में शिव कालोनी, बरसाना रोड कालोनी, लक्ष्मीनगर कालोनी, गोरखधाम कालोनी मेें जलभराव हो गया है।

कोसीकलां के गांव कांमर में खेत पर काम कर रहे चंदन (50) की बिजली गिरने से मौत हो गई। गांव बरका के लोगों के अनुसार गांव में ओले भी गिरे हैं। गोवर्धन, पैगांव, गौंहारी, खायरा, भदावल, लाड़पुर, बहरावली, चंदौरी, रनवारी, आजनौंक, पिसावा आदि गांवों में जमकर बरसात हुई। चौमुंहा और आसपास के गांवों में ओलावृष्टि के साथ बरसात हुई।

राया शोध केंद्र प्रभारी डा. श्याम सुंदर शर्मा ने बताया मंगलवार को केंद्र पर 10 मिमी बरसात दर्ज की गई है। बुधवार को भी बूंदाबांदी की संभावना है। दिन का तापमान 18 डिग्री और रात का 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें