मथुरा। भीषण गर्मी में नर्सिंग स्कूल से लौटतीं कॉलेज की छात्राएं।
- फोटो : mathura
मथुरा। शहरवासियों को इस सप्ताह में गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने अब दिन के साथ ही रात के भी गरम रहने का पूर्वानुमान जताया है। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। सोमवार को दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं और लोग गर्मी से व्याकुल रहे। वहीं मौसम विभाग ने आज और कल तापमान 46 डिग्री पार जाने की आशंका जताई है। साथ ही लू चलने के भी आसार जताए हैं।
सोमवार को सुबह से गर्म हवाएं चलना शुरू हो गईं थीं। दिन चढ़ने के साथ सूरज के तेवर तल्ख होने लगे और हवा भी गरम होने लगी। दोपहर के समय में धूप में लोग बाहर निकलने से बचते रहे। शरीर को कपड़ों से ढकने के बाद ही वह घर से बाहर निकले। इधर, जिला प्रशासन ने मंगलवार और बुधवार को लू के प्रकोप को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। लू से बचाव को टोपी, गमछा या छाते का प्रयोग करने, अधिक से अधिक पानी पीने को कहा गया है। साथ ही सफर में पीने का पानी साथ रखने की सलाह दी गई है। ओआरएस का घोल, नारियल पानी, लस्सी, चावल का पानी, नीबू पानी, छाछ आदि का सेवन करें। कमजोरी, चक्कर आने या बीमार महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। बच्चों व जानवरों को कार में अकेला नहीं छोड़ें। यह उनके लिए घातक साबित हो सकता है।
मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, इस सप्ताह में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की आशंका है। मंगलवार और बुधवार को दिन के साथ रात भी गरम रहेगी और लू चलेगी। ऐसे में न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की आशंका है।