बरसाना। आंजनौख में श्री राधारानी रसोई बरसाना धाम परिवार की ओर से श्री इंदुलेखा सखी मंदिर परिसर में आयोजित बाल स्वास्थ्य शिविर में 65 बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चों को आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं। वहीं बच्चों को न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स, फल और पाठ्य सामग्री भी वितरित की गई।
शिविर में प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. केवल कृष्ण जिंदल ने चिकित्सकीय टीम के साथ बच्चों की जांच की। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान उनके शारीरिक विकास से संबंधित जानकारी ली गई। चिकित्सकों ने बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए। अभिभावकों को बच्चों के खान-पान, स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई। श्री राधारानी रसोई के संचालक एवं ब्रजसेवी हरिश्चंद्र कोहली ने बताया कि संस्था का उद्देश्य मानव सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है।
बरसाना आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के साथ ब्रज के ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। विशेष रूप से अष्टसखियों के गांवों में बाल स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से स्थानीय ब्रजवासियों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में बनवारी लाल गर्ग, विशाखा संदीप, अंकित कोहली, मितुल भट्ट, कथावाचक नित्यानंद, रोहन, सचिन, महंत वैष्णव दास, पुजारी विमल किशोर, डॉ. केके जिंदल, स्नेह जिंदल, स्मृति जिंदल और आरती गुप्ता आदि मौजूद रहे।