बरसाना (मथुरा)। श्री राधारानी की नगरी में हरियाली तीज महोत्सव शनिवार को मनाया जाएगा। इस दिन सुबह स्वर्ण रजत हिंडोले में राधाजी के झूला दर्शन होंगे। शाम को लाडलीजी मंदिर प्रांगण में राधाजी की शोभायात्रा निकाली जाएगी और भक्तों को सफेद छतरी में विराजमान होकर दर्शन देंगी। कार्यक्रम की सभी तैयारियां मंदिर प्रबंधन व प्रशासन ने पूरी कर ली हैं। शनिवार व रविवार को वाहनों की कस्बे के अंदर नो एंट्री रहेगी।
कस्बे के विश्व प्रसिद्ध लाडली जी मंदिर प्रांगण में शनिवार सुबह आठ बजे स्वर्ण रजत हिंडोला में दर्शन होंगे, जो दोपहर एक बजे तक चलेंगे। शाम को साढ़े चार बजे मंदिर के गर्भगृह से सफेद छतरी तक राधाजी की सवारी निकाली जाएगी। इस अवसर पर गोस्वामी समाज द्वारा झूला महोत्सव की समाज गायन प्रस्तुत की जाएगी। 13 दिवसीय हिंडोला महोत्सव के अंतर्गत रविवार से हिंडोला दर्शन शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक होंगे। यह क्रम 31 अगस्त रक्षाबंधन तक चलेगा। इस अवसर पर प्रतिदिन गोस्वामी समाज द्वारा झूला महोत्सव की समाज गायन प्रस्तुत की जाएगी।
बता दें कि राधाजी का हिंडोले का बेरी हरियाणा के सेठ हरगुलाल ने दानदाताओं के सहयोग से एक वर्ष पहले निर्माण कराया था। इस हिंडोला महोत्सव के लिए जिला प्रशासन ने दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। मंदिर के अंदर की संपूर्ण व्यवस्था बीडीओ छाता, नंदगांव नरेश कुमार को दी गई है। वहीं मंदिर के बाहर की व्यवस्था एसडीएम गोवर्धन दीपिका मेहर को दी गई है।
शनिवार व रविवार को कस्बे में लगने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए वाहनों की नो एंट्री कर दी है। गोवर्धन की तरफ से आने वाले वाहनों को पुराने क्रेशर की जमीन के समीप रोका जाएगा, जबकि छोटे वाहनों को गोवर्धन ड्रेन के समीप खेतों में रोका जाएगा।
छाता की तरफ से आने वाले वाहनों को श्रीनगर मोड़ पर, कोसीकलां व नंदगांव की तरफ से आने वाले वाहनों को संकेत पर, छोटे वाहनों को गाजीपुर के समीप और कामां की तरफ से आने वाले वाहनों को राधाबाग की तरफ रोका जाएगा। बाइक व ई-रिक्शा पर भी कस्बे में प्रतिबंध रहेगा। कस्बे में वाहनों को रोकने के लिए पीलीकोठी के समीप राधारानी मंदिर गेट, सुदामा चौक, जयपुर मंदिर, चिकसौली तिराहा, मैन बाजार मार्ग पर बैरियर लगाए गए हैं। वहीं एसडीएम दीपिका मेहर व सीओ राममोहन शर्मा ने शुक्रवार को मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।