मथुरा। जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित जूनियर क्रिकेट लीग के तीसरे मुकाबले में हरीश राघव पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अशोका इंटेलेक्ट स्कूल को 10 विकेट से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की।
सोमवार सुबह हरीश राघव क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस अशोका इंटेलेक्ट स्कूल ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मैच का शुभारंभ वीके शुक्ला एवं डॉ. राजेश सक्सेना ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अशोका इंटेलेक्ट स्कूल की टीम निर्धारित 16.4 ओवर में 10 विकेट खोकर 72 रन ही बना सकी। करण कुंतल ने सर्वाधिक 25 रन बनाए। हरीश राघव स्कूल की ओर से सौरव और विवेक ने 3-3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरीश राघव पब्लिक स्कूल की टीम ने 7.5 ओवर में बिना किसी विकेट के नुकसान के लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से ललित ने नाबाद 33 रन और अभय ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
मैच में अंपायरिंग अनिल आहूजा और अर्चित समाधिया ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी राजीव गौतम ने निभाई। आयोजन सचिव रोहित सिंह ने बताया कि मंगलवार को कान्हा माखन पब्लिक स्कूल वृंदावन और पुलिस मॉडर्न पब्लिक स्कूल के बीच मुकाबला होगा। इस दौरान जिला क्रिकेट संघ के सह सचिव रितेश शर्मा, आयोजन सचिव रोहित सिंह, मोहम्मद असलम, दीप्ति आदि मौजूद रहे।