क्रिकेट मैच में गेंद पर शाट लगाता खिलाड़ी।
मथुरा। हरीश राघव क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित द्वितीय अंडर-19 एचआर क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को खेले गए पहले मुकाबले में हरीश राघव क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वृंदावन क्रिकेट अकादमी को 277 रन के विशाल अंतर से पराजित कर दिया। वहीं दिन के दूसरे मैच में विनायक रॉयल ने डीपीएस योद्धा को 39 रन से शिकस्त दी।
आयोजन सचिव रोहित सिंह ने बताया कि पहले मैच में हरीश राघव क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में छह विकेट पर 313 रन बनाए। टीम की ओर से ओम मिश्रा ने 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। वृंदावन क्रिकेट अकादमी की ओर से सूर्यांश प्रताप सिंह ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वृंदावन क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम मात्र 8.3 ओवर में 36 रन पर सिमट गई। अभय ने सर्वाधिक 13 रन बनाए, जबकि टीम के छह बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। हरीश राघव क्रिकेट अकादमी की ओर से भोलेश्वर और रुद्र शर्मा ने पांच-पांच विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। शानदार शतक के लिए ओम मिश्रा को ''मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में विनायक रॉयल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 177 रन बनाए। अर्जुन तेवतिया ने सर्वाधिक 71 रन बनाए। डीपीएस योद्धा की ओर से सुमित चौधरी ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीपीएस योद्धा की टीम 17.5 ओवर में 138 रन पर ऑलआउट हो गई। कुशांत ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। विनायक रॉयल की ओर से उत्कर्ष ने सर्वाधिक तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। अर्जुन तेवतिया को शानदार अर्धशतक के लिए ''प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
विजेता टीम, मैन ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि डॉ. स्वामी सत्यमित्रानंद और डीडी शर्मा ने पुरस्कार प्रदान किए। अंपायर की भूमिका असलम खान और मनीष चौधरी ने निभाई, जबकि स्कोरिंग सूरज ठाकुर ने की। इस अवसर पर पंकज शर्मा, दीपक सिंह, वंश, पवन, विवेक, नरेश, सुमित, सागर और कृष्ण मौजूद रहे।