मथुरा। मथुरा-गोवर्धन मार्ग से गांव सतोहा के पास से चालक को बंधक बनाकर गिट्टियों से भरा हाईवा लूट लिया। कार सवार हाईवे के लुटेरों ने चालक से मारपीट करते हुए मोबाइल भी लूटा। लुटेरे चालक को हाईवे पर जीएलए के पास एमएम बिल्डर्स के पास फेंक गए। मालिक की सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने पांच दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया।
थाना बरसाना के गांव मानपुर निवासी राजकुमार पुत्र लक्ष्मण के हाईवा चलते हैं। छह मार्च की रात कामां से गिट्टी भरकर हाईवा को चालक चेतराम निवासी बदनगढ़ (बरसाना) मथुरा-गोवर्धन मार्ग पर गांव सतोहा के पास गुलमोहर कॉलोनी के लिए चला। सतोहा के पास हाईवा खड़ा करके चालक उसमें सो गया। रात करीब एक बजे सात हाईवे लुटेरों ने चालक को बंधक बनाकर कार में डाल लिया। इनमें से एक लुटेरे ने हाईवा की स्टेयरिंग संभाली। कार में चालक से मारपीट करते हुए मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस भी लूट लिया।
हाईवे पर जीएलए के पास एमएम बिल्डर्स के पास चालक को फेंककर लुटेरे फरार हो गए। चालक ने मालिक को सूचना दी। मालिक ने पहुंचकर यूपी-112 और हाईवे पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और जानकारी जुटाकर इतिश्री कर दी। बृहस्पतिवार को मालिक ने सीओ रिफाइनरी वरुण कुमार से मुलाकात करके वारदात की जानकारी दी। सीओ रिफाइनरी के आदेश के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। प्रभारी निरीक्षक पीआर शर्मा ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
हाईवा में लगा जीपीएस भी निकाल फेंक गए लुटेरे
हाईवे के वाहन लुटेरे बड़े ही शातिर हैं। हाईवा में लगे जीपीएस को भी निकालकर फेंक गए, जिससे की उन्हें कोई पकड़ नहीं सके। हाईवे के वाहन लुटेरे पूर्व में मेवात के सक्रिय रहे हैं, जो कि गायों को चुराने के साथ ही वाहनों को लूटते हैं। फिलहाल इन लुटेरों पर अंकुश लगा हुआ है, पर एक बार फिर इनकी सक्रियता पुलिस के लिए खुली चुनौती साबित होगी।