वृंदावन (मथुरा)। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में वसंत पंचमी 5 फरवरी को मनाई जाएगी। इसी दिन मंदिर में शृंगार आरती के समय गुलाल उड़ने के साथ ही तीर्थनगरी में ४० दिवसीय होली का भी आगाज हो जाएगा।
ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवाधिकारी रघु गोस्वामी ने बताया कि शृंगार आरती के बाद ठाकुर श्रीबांकेबिहारीजी महाराज वसंती पोशाक धारण कर प्रतीकात्मक रूप से भक्तों संग गुलाल की होली खेलते हैं। वसंत पंचमी पर गोस्वामियों द्वारा चांदी के पांच थालों में लाल, हरा, वसंती, गुलाबी और पीले रंग का गुलाल भक्तों पर डाला जाता है।
उन्होंने बताया कि वसंत पंचमी से ही ब्रज में 40 दिवसीय होली उत्सव प्रारंभ हो जाता है। मंदिर को रंगबिरंगे गुब्बारों से सजाया जाएगा। मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि 5 फरवरी को मंदिर में भीड़ होने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
इन मंदिरों में होगी होली की शुरुआत
नगर के राधावल्लभ मंदिर, राधारमण मंदिर, शाह बिहारी मंदिर, राधा दामोदर, राधा श्यामसुंदर मंदिर सहित सप्त देवालयों में वसंत पंचमी का उत्सव 5 फरवरी से शुरू हो जाएगा।