वृंदावन। ठाकुर श्रीराधावल्लभ लाल का 519वां पाटोत्सव विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के मध्य मनाया गया। परिक्रमा मार्ग स्थित मदनटेर ऊंची ठौर पर मंदिर के गोस्वामियों के सानिध्य में समाज गायन किया गया। भक्ति संगीत के मध्य धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई, जिसका जगह-जगह स्वागत किया गया। शाम को भजन संध्या में भक्तजन जमकर झूमे।
आराध्य श्रीराधावल्लभ लाल महाराज के पाटोत्सव के आखिरी दिन रविवार को सुबह मदनटेर में तिलकायत अधिकारी गोस्वामी राधेश लाल महाराज एवं तिलकायत अधिकारी गोस्वामी मोहित मराल महाराज के सानिध्य में समाज गायन किया गया। इसमें रसिक संतों एवं गोस्वामियों ने ठाकुरजी के मंगल बधाई के पदों का गायन किया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा श्रीराधावल्लभ श्रीहरिवंश, श्रीवृंदावन श्रीवनचंद्र का नाम ध्वनि का संकीर्तन किया।
समाज गायन के बाद मदन टेर से शोभायात्रा शुरु हुई जो कि परिक्रमा मार्ग होते हुए गोविंद घाट स्थित बड़े रास मंडल पहुंची। शोभायात्रा में हितहरिवंश महाप्रभु का डोला एवं प्रियाप्रियतम के स्वरूपों का जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। शाम को मंदिर में भजन संध्या का आयोजन भजनगायक जेएसआर मधुकर द्वारा किया गया। इसमें भक्तजन जमकर झूमे। इस अवसर पर आनंद लाल गोस्वामी, कन्हैया लाल गास्वामी, विशाल लाल गोस्वामी गोविंद गोस्वामी, गौरव गोस्वामी, उदित गोस्वामी आदि मौजूद रहे।