मथुरा। नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में आग के बाद उठता घुंआ। संवाद
- फोटो : mathura
कोसीकलां (मथुरा)। कोटवन-नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक कपड़े की फैक्टरी में रविवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान होने का दावा किया जा रहा है। उधर, आग लगने पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। आग से कितने का नुकसान हुआ है, यह आंकलन के बाद ही पता चल सकेगा।
औद्योगिक क्षेत्र में गूनो नाटइ प्रा.लि. के नाम से कपड़े की फैक्टरी है। फैक्टरी में कपड़े पर छपाई का काम किया जाता है। रविवार की शाम करीब 7 बजे फैक्टरी के प्रथम तल पर अचानक आग लग गई। फैक्टरी से धुएं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसका पता चलते ही पुलिस और दमकलकर्मी फैक्टरी में पहुंच गए। कर्मचारियों ने फैक्टरी में लगे अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग चारों तरफ फैल गई। इसके बाद वहां पहुंचे दो दमकल समेत कर्मी आग बुझाने में जुट गए।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। अग्निशमन अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि तीन घंटे से अधिक मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से प्रथम तल पर क्षति हुई है।