मथुरा। एक दुकान पर ज्वेलरी खरीदती महिला । स्रोत संवाद
- फोटो : mathura
वैश्विक स्तर पर अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ लगाने को लेकर चल रहे ट्रेड वार की वजह से सोने का भाव बढ़ा हुआ है। सोने के दाम एक लाख रुपये की कीमत को पार कर चुके हैं, लेकिन ग्राहकों का उत्साह कम नहीं है। सहालग और अक्षय तृतीया को लेकर सराफा बाजार में रौनक है। कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार होने की उम्मीद है।
बाजार में सोना ऐसा चमका कि आंखे चौंधिया गईं। हालांकि, ग्राहकों को लुभाने के लिए सराफा कारोबारी भी आकर्षक ऑफर दे रहे हैं। यही कारण है कि ग्राहकों का खरीदारी को लेकर रुझान बना हुआ है। कोई मेकिंग चार्ज पर 25 से 30 प्रतिशत की छूट दे रहा है तो कोई पुराना सोना लेकर ग्राहकों को उनकी पसंद के नए आभूषण दे रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार अक्षय तृतीया के लिए लगातार बुकिंग करा रहे हैं, सहालग चल रहे हैं। ऐसे में प्रतिदिन बिक्री भी हो रही है। ग्राहक अपने बजट में बेहतर डिजायन और लुक वाली ज्वेलरी पसंद कर रहे हैं। हल्के वजन में भारी दिखने वाले डिजाइन और 18 से 20 कैरेट की ज्वेलरी की तरफ लोगों का ध्यान अधिक है।
ये भी पढ़ें - Paneer: असली के नाम पर कहीं आप भी तो नहीं खा रहे नकली पनीर, 125 किलो कराया नष्ट; ऐसे करें पहचान
बोले कारोबारी
एके ज्वेलर्स के मालिक अक्षय गर्ग का कहना है कि सोेने की कीमतों में अभी तेजी तो बनी हुई है ही लेकिन आगे इसके और बढ़ने की संभावना है। मंगलवार को अक्षय तृतीया का पर्व भी है। इस दिन सोना-चांदी खरीदना लोग शुभ समझते हैं, ऐसे में आभूषणों की खरीदारी के लिए इससे बढि़या समय कोई नहीं है।
जगदीश ज्वेलर्स के संदीप अग्रवाल ने बताया कि साेने की कीमत आसमान छू रही हैं। ग्राहकों को भी राहत मिल सके इसके लिए उन्हें आभूषणों पर 25 से 30 प्रतिशत तक की छूट दे रहे हैं। अक्षय तृतीया पर हर साल खरीदारी को लेकर जो लोगों का उत्साह रहता है, इस बार भी वैसा ही बना हुआ है।
श्री श्याम सुंदर ज्वेलर्स के सौरभ अग्रवाल ने कहा कि सोने के भाव में आ रही तेजी का प्रभाव लोगों की खरीदारी पर नहीं दिख रहा। सहालग के साथ ही अक्षय तृतीया की वजह से उनमें उत्साह है। जिन लोगों ने पहले बुकिंग करा ली थीं, उन्हें पहली वाली कीमतों पर ही देना पड़ रहा है।
गोपाल जी ज्वेलर्स के रुप किशोर गर्ग का कहना है कि सोने की कीमत नीचे कब आएंगी इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। दाम और बढ़ने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। ऐसे में खरीदारी में जुटे हैं। हल्के वजन के आभूषणों की ओर से लोग अधिक आकर्षित हैं।