इस बार धनतेरस पर सोने और चांदी की खनक रहेगी। बाजार में जबर्दस्त उत्साह है। शोरूमों पर चांदी और सोने के आभूषणों के साथ ही लक्ष्मी गणेश, हटरी की बिक्री को लेकर कारोबारी आश्वस्त है। अब लोगों को धनतेरस का बेसब्री के साथ इंतजार है।
धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। आम आदमी की इस धारणा को भुनाने के लिए सराफा बाजार पूरी तरह से तैयार है। इसके लिए बाजार में चांदी के लक्ष्मी, गणेश, हटरी, चांदी के सिक्के, सोने और हीरों के आभूषणों की पूरी रेंज उपलब्ध है। मथुरा में चांदी की पायल, सिक्कों का बड़ा कारोबार है।
यहां पुरानी चाल के सिक्कों को भी चाव से खरीदते रहे हैं लोग। सराफा कमेटी के मंत्री योगेश जौली ने बताया कि बाजार में इस बार चांदी के सिक्कों के मुकाबले डॉलर की खासी मांग है। ये डॉलर दस ग्राम से लेकर 100 ग्राम तक के वजन में उपलब्ध है। इनकी कीमत 450 से 4500 रुपए तक है। शोरूमों पर लगभग हर रेंज के आभूषण उपलब्ध हैं।
सराफ कारोबारी शैलेष अग्रवाल ने बताया कि चांदी के सिक्के, हटरी, धनतेरस पर बिक्री के प्रमुख आकर्षण रहते हैं। चांदी के सिक्के की रेंज 400 रुपए से शुरू है। इसके अलावा हीरे, सोने के आभूषणों की बिक्री को लेकर भी बाजार में उत्साह का माहौल है।
5 किलो सोने का धनतेरस पर होता है व्यापार
200 किलो चांदी का होता है कारोबार
400 रुपए से शुरू है चांदी के सिक्के की रेंज