कोसीकलां। प्रशासन ने एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अनूठा अभियान चलाया। रविवार को अधिकारियों ने ढोल-नगाड़े और लाउडस्पीकर के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाताओं को एसआईआर फॉर्म समय से जमा करने के लिए कहा।
गलियों में ढोल-नगाड़े की आवाज सुनकर लोग हैरान रह गए। जब उन्होंने दरवाजे खोले तो बाहर एसडीएम वैभव गुप्ता, तहसीलदार सचिन पंवार, नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल, ईओ निहाल सिंह, पूर्व सभासद पदम चंद बूरे वाले अन्य अधिकारियों के साथ मतदान व एसआईआर के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे थे। वह लाउड स्पीकर पर कह रहे थे कि नागरिक अपना-अपना फॉर्म समय से जमा करा दें, अन्यथा मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज नहीं हो पाएंगे। अभियान के दौरान जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने प्रपत्र जमा नहीं किए थे, उन्होंने तत्काल फॉर्म भरकर बीएलओ को सौंपे। जागरूकता अभियान तालाबशाही, बिहारीपुरा, बलदेवगंज, बठैन गेट, देवनगर आदि क्षेत्र में चलाया गया। संवाद