केडीएस स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों पर लगे छात्र की पिटाई के आरोप की जांच प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कालेज करेंगे। मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने सीओ रिफाइनरी कुंवर अनुपम सिंह और डीआईओएस डॉ. आईपी सिंह सोलंकी से मुलाकात की। जिला संयोजक दीपक गोला के नेतृत्व एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने दोनों अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की। इस पर डीआईओएस ने जांच राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश यादव को सौंप दी है। इस दौरान सुधांशु खंडेलवाल, शशांक शर्मा, रिंकू शर्मा, अभिषेक चौधरी, अभिषेक त्रिवेदी, अंकित राठौर सहित अन्य उपस्थित रहे।
शिक्षकों पर आरोप
छात्र राहुल शर्मा का कहना है कि शुक्रवार को एक पीरियड में सर के न आने पर वह ऊपर गया था। उस समय वहां एक शिक्षक खडे़ हुए थे। शिक्षक के पूछने पर उसने कहा कि वह सर को बुलाने आया है। इस पर शिक्षक ने छात्र को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। अन्य शिक्षकों ने भी जमकर पीटा। इसके चलते छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर की बांह पर गहरा घाव भी है, जो किसी धारदार हथियार का प्रतीत हो रहा है। छात्र की शर्ट के खून से लाल होने पर विद्यालय प्रबंधन ने उसे भी उतरवा लिया। पीड़ित छात्र ने बमुश्किल अपने परिवारीजनों को इसकी सूचना दी। परिवारीजनों ने थाना हाईवे में शिक्षकों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़ित छात्र का मेडिकल कराया है।