उत्तर प्रदेश के मथुरा में परिक्रमा मार्ग में गैस पाइप लाइन लीकेज हो गई। तेज आवाज के साथ निकल रही गैस ने सबको भयभीत कर दिया। मौके पर पहुंचे जल निगम और गेल इंडिया के अधिकारियों ने लाइन की मरम्मत कराई। इस दौरान पुलिस ने परिक्रमार्थियों को रोके रखा व रूट बदलकर आगे भेजा।
दिन रात चल रहा काम
परिक्रमा मार्ग में चामुंडा मंदिर से लेकर श्याम कुटी तक जल निगम की प्रोजेक्ट इंडिया द्वारा गहरी सीवर खुदाई का कार्य चल रहा है। विगत दिनों जिलाधिकारी पुलकित खरे ने निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद युद्धस्तर पर दिन रात काम चल रहा है। शुक्रवार देर रात करीब 12:30 बजे खुदाई कार्य के दौरान जेसीबी से सड़क के नीचे से जा रही गेल इंडिया की पीएनजी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे दहशत फैल गई।