थाना महावन क्षेत्र में मथुरा-बलदेव रोड पर पलटे 18 टन एलपीजी गैस से भरे टैंकर से दूसरे टैंकर में गैस भरते समय रिसाव होने लगा। इससे हड़कंप मच गया। तत्काल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति रोक दी गई, रोड पर आवागमन बंद कर दिया गया। लीकेज को रिफाइनरी से आए इंजीनियरों ने बंद किया।
शुक्रवार की शाम गोकुलधाम कालोनी के निकट ये टैंकर पलट गया था। पलटे टैंकर को सीधा करने में दो क्रेन फेल हो गईं तो पुलिस और रिफाइनरी अधिकारियों ने शाहजहांपुर से री-फिलिंग के लिए मशीन मंगाई।
शनिवार की सुबह 11 बजे दूसरे खाली टैंकर में गैस री-फिलिंग का काम शुरू कराया गया। इसी दौरान गैस लीकेज होने लगी। आनन फानन में पलटे टैंकर के ऊपर से जा रही बिजली लाइन की आपूर्ति बंद कराई गई।
मोबाइल स्विच आफ करा दिए गए और रोड पर आवागमन रोक दिया गया। इंजीनियरों ने लीकेज बंद की और फिर से दूसरे टैंकर में री-फिलिंग का काम शुरू कराया। चार घंटे में गैस री-फिलिंग कर टैंकर को सीधा किया जा सका।