मथुरा। रेलवे स्टेशन मथुरा छावनी पर ट्रेन से उतरने के बाद एक महिला अचानक बेहोश होकर प्लेटफार्म पर गिर गई। जिसे गिरता देख वहां पर मौजूद जीआरपी चौकी प्रभारी सोनू कुमार राजौरा अन्य कर्मचारियों के साथ वहां पहुंचे और महिला का हाल जाना। महिला सीने पर हाथ रखकर दर्द से कराह रही थी। सिर्फ इतना ही बोल पाई कि मुझे बचा लो।
जीआरपी प्रभारी ने तत्काल महिला कांस्टेबल और कर्मचारियों की सहायता से महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचाते समय रास्ते में उसकी और अधिक हालत खराब हो गई। डॉक्टरों से जानकारी मिली कि उन्हें अटैक पड़ा है।
डाक्टरों ने बताया कि तत्काल इसे यहां पर ले आएं, इंजेक्शन लगने के बाद महिला को होश आया। महिला ने नाम रेखा निवासी काशी का नगला थाना हाईवे मथुरा बताया। महिला ने बताया कि वह पिता के यहां ग्राम खोकिया मुरसान से अपनी ससुराल आ रही थी। अचानक ही उसके सीने में दर्द हुआ और वह बेहोश हो गई। जीआरपी प्रभारी ने उसके पास मिले नंबर पर कॉल कर उसके परिजनों को जानकारी दी। परिजन जिला अस्पताल में आए और रेखा को अपने साथ ले गए।