मथुरा। फरह थाना क्षेत्र के महुअन इलाके में रविवार शाम सहेली के घर में मिले तलाकशुदा महिला गंगा के शव का सोमवार को महिला डॉक्टर की निगरानी में पोस्टमार्टम किया गया। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए स्लाइड एफएसएल में जांच के लिए संरक्षित की गई है। इधर, रिपोर्ट में यह सामने आया है कि महिला ने खुद ही फंदा लगाकर आत्महत्या की। हालांकि जब शव को हेमा और उसके सहयोगी ने कमरे में छिपा दिया तो उसे चूहों व अन्य कीटों ने कुतर दिया। माथे पर एंटीमार्टम इंजरी (मृत्यु पश्चात चोट) मिली है।
गंगा देवी (26) पुत्री मुंशी मूलरूप से छड़गांव, रिफाइनरी की रहने वाली थी। उसकी शादी चौमुंहा के हरिओम से पांच साल पहले हुई थी। एक साल पूर्व दोनों का तलाक हो गया था। आठ माह पहले प्लास्टिक कारखाने में कामकाज के दौरान उसकी मुलाकात हेमा निवासी महुअन से हुई थी। दोनों में दोस्ती हुई। इसके बाद वह हेमा के घर में रहने लगी। हेमा का पति मानसिक रूप से अस्वस्थ है। हेमा ने पुलिस को बताया कि बीते बृहस्पतिवार को गंगा की मां उसे घर ले जाने आई थीं। उस दौरान दोनों का विवाद हुआ। विवाद के बाद गंगा ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। यह देख तत्काल बलदेव निवासी परिचित युवक को बुलाया। शव फंदे से उतारने के बाद कमरे में छिपा दिया था। डर था कि पुलिस उसे हत्यारोपी समझते हुए गिरफ्तार कर लेगी।
मृतका के भाई ने कहा, पुलिस करे जांच
गंगा के भाई देवेंद्र ने बताया कि वह पांच भाई-बहन हैं। गंगा चौथे नंबर की थी। पिता की मौत हो चुकी है। मां महादेवी से बृहस्पतिवार को मुलाकात हुई थी। इसके बाद गंगा से फोन पर बात करने के लिए हेमा को फोन किया था, मगर हेमा का फोन बंद जाने लगा। गंगा अपने पास फोन नहीं रखती थी। देवेंद्र ने कहा कि पुलिस मामले की जांच करे, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई करेंगे।
-
मामले की अभी जांच की जा रही है, जैसे भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृतका के परिवार में से किसी ने तहरीर नहीं दी है।
- श्वेता वर्मा, सीओ रिफाइनरी