जय गणेश-जय गणेश-जय गणेश देवा, माता जाकी पार्वती पिता महादेवा.., गणेश चतुर्थी पर मंदिरों में, स्कूलों में और घरों में भगवान गणेश की स्तुति की गई। शहर में कई स्थानों पर पदयात्रा निकाल कर प्रतिमा स्थापित कर उत्सव शुरू हो गया।
चौबियापाड़ा स्थित दशभुजी गणेश मंदिर पर भगवान गणपति का महाभिषेक किया गया। इस अवसर पर आचार्यों ने वैदिक मंगलाचरण के साथ पूजा अर्चना कराई। इस अवसर पर कपिल बाबा, आलोक बैंकर, दीपेंद्र, मनीष, काशीनाथ, प्रयागनाथ, जमुना चौबे, कैलाश आदि उपस्थित रहे।
श्रीगणेश सेवा समिति की ओर से श्रीजी पीठ प्रांगण में महागणपति का पंचामृत अभिषेक शहस्त्रनाम पाठ, आरती के मध्य भोले बाबा के सानिध्य में हुआ। इस दौरान बनवारी बाबा, महेश चतुर्वेदी, वेदांत बाबा, दीपक चतुर्वेदी, विजय, अजय, अरविंद आदि मौजूद रहे।
इसके अलावा गणेश मंदिरों पर बच्चे गणेश पट्टी और डंडा बजाते हुए पहुंचे और सिद्धिविनायक की पूजा अर्चना कर बल-बुद्धि का आशीर्वाद मांगा। प्राचीन गणेश टीला स्थित गणेश मंदिर, गऊघाट स्थित गणेशजी मंदिर, महोली रोड स्थित बजरंग बली मंदिर आदि पर चतुर्थी पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया।