प्राइमरी स्कूलों में बच्चाें को वर्तमान शैक्षणिक सत्र से किताबों के साथ स्कूल बैग भी निशुल्क दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इसकी घोषणा की है।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत बच्चों को मुफ्त किताबें, मिडडे मील और दो यूनिफार्म दी जाती हैं। गांव देहात में स्थित परिषदीय विद्यालयों में अक्सर यह देखा गया है कि सरकार द्वारा दी जाने वाली किताबें लाने के लिए बच्चाें के पास स्कूल बैग नहीं होते हैं।
यदि वह घर से बैग लाते भी हैं तो यह अलग-अलग रंग और साइज के होते हैं। कई बच्चे तो झोला और पॉलीथिन में ही किताबें लेकर स्कूल जाते हैं। ऐसे में सभी बच्चों के पास एक जैसा स्कूल बैग हो, इसलिए सरकार बच्चों को इसी सत्र से मुफ्त बैग उपलब्ध कराने जा रही है।
किताबों के साथ मिलेंगे स्कूल बैग
अप्रैल से शुरू हुए शैक्षणिक सत्र के बाद अभी तक बच्चों को किताबें नहीं मिल सकी हैं। बीते वर्ष की भांति इस बार भी बच्चों को पुराने बच्चों से लेकर दी गई किताबों से ही पढ़ना पढ़ रहा है। अब जुलाई माह में ही किताबें मिल सकेंगी। संभावना जताई जा रही है कि किताबों के साथ ही बच्चों को स्कूल बैग भी वितरित किए जाएंगे।