मथुरा। कृषि भूमि बेचने के नाम पर पीड़ित से 20.33 लाख रुपये ले लिए, लेकिन जमीन का बैनामा नहीं किया। यही नहीं, रुपये मांगने पर उसके ऊपर जानलेवा हमला भी कर दिया। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन यहां उसकी सुनवाई नहीं हुई। आखिर में पीड़ित ने जेएम द्वितीय कोर्ट में रिपोर्ट दर्ज कराने को प्रार्थना पत्र दिया। तब जाकर पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज की।
शहर कोतवाली क्षेत्र में मदर केडी स्कूल के पास रहने वाले नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि उनके रिश्तेदार मूल राया एवं हाल महोली रोड शारदापुरम कॉलोनी निवासी बाबूलाल 20 मार्च 2024 को उनके घर आए और बताया कि वह अपनी कृषि भूमि बेचना चाहते हैं। इस पर उन्होंने अपने साथी राहुल अग्रवाल, भव्य मंगला से बात की और तीनों ने मिलकर 35 लाख रुपये में जमीन का सौदा तय किया। उन्होंने अपने हिस्से के 12 लाख रुपये का भुगतान चेक से कर दिया।
दूसरे इकरारनामे के लिए 22 मार्च 2024 को 3.33 लाख तथा 24 जनवरी 2025 को बाबूलाल ने निजी कार्य बताते हुए 5 लाख रुपये और ले लिए। कुल मिलाकर उन्होंने 20.33 लाख रुपये बाबूलाल को दिए। इसके बाद 22 फरवरी 2025 तक कई बार कहने के बाद भी जमीन का बैनामा नहीं किया तो उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे। इस पर 20 जुलाई 2025 की रात 8 बजे बाबूलाल ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर रूपम टॉकीज के पास उन्हें रोक लिया और गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। वह रिपोर्ट दर्ज कराने को गोविंद नगर थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने 30 जुलाई 2025 को जेएम द्वितीय न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 5 सितंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।