मथुरा। एसी ठीक कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर लिया। कई बार में उनके बैंक खाते से 6.73 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने साइबर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
सदर बाजार के सिविल लाइन निवासी देवेंद्र कुमार ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 27 अप्रैल 2026 को उन्होंने अपने नए एसी इंस्टॉलेशन के लिए गूगल पर जनरल कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया था। नंबर पर कॉल करने के कुछ देर बाद उनके पास एक फोन आया। फोनकर्ता ने खुद को इटावा स्थित कस्टमर केयर का प्रतिनिधि बताया। उसने रजिस्ट्रेशन के नाम पर 5 रुपये ऑनलाइन भेजने को कहा।
जैसे ही पीड़ित ने बताए गए मोबाइल नंबर पर ट्रांजेक्शन किया, जालसाजों ने उन्हें एक संदिग्ध लिंक भेजा और फोन में कुछ एप इंस्टॉल करवा दिए। एप इंस्टॉल होते ही पीड़ित का फोन पूरी तरह हैक हो गया। इसके बाद उनके पीएनबी बैंक खाते से आठ बार में 6.73 लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली गई। एसपी क्राइम श्वेता यादव ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।