चौमुहां (मथुरा)। ज्वेलर्स की दुकान में साझेदारी कराने और निवेश के नाम पर लाखों रुपये एवं सोने-चांदी के जेवर हड़पने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर थाना जैत में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चौमुहां निवासी रामकिशोर ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी पहचान राजस्थान निवासी जितेंद्र उर्फ जिम्मी सोनी से थी, जो चौमुहां में ज्वेलर्स की दुकान संचालित करता था। आरोप है कि जितेंद्र ने उन्हें दुकान में साझेदार बनाने का प्रस्ताव दिया। विश्वास में आकर उन्होंने एक लाख रुपये नकद और सोने के जेवर निवेश के रूप में दे दिए। इसके बाद गांव और आसपास के कई लोगों ने भी आभूषण खरीदने के लिए अग्रिम धनराशि जमा कराई।
आरोप है कि सितंबर 2025 में जितेंद्र उर्फ जिम्मी, कुलदीप सोनी, मीनाक्षी सोनी, दया कुमारी उर्फ दीपा और प्रदीप कुमार जमा धनराशि व आभूषण लेकर भाग गए। जब पीड़ितों ने आरोपियों से संपर्क किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर थाना जैत पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।