मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र के एक प्लॉट की खोदाई करते समय तीन पाषाण मूर्तियां निकलने से लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस और फिर पुरातत्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुरातत्व विभाग ने मूर्तियों को अपने कब्जे में ले लिया है। विभाग के अधिकारी मूर्तियां कितनी पुरानी हैं, यह जानने में जुट गए हैं।
गायत्री तपोभूमि के सामने गली में प्राचीन चामुंडा देवी मंदिर के समीप वाली गली में रितेश अग्रवाल मिथलेश अग्रवाल द्वारा मकान का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान करीब तीन-चार फुट की खोदाई पर ही मजदूरों ने मूर्तियों के होने की जानकारी दी। मौके पर मौजूद प्लॉट मालिक ने पहले इसकी गोविंद नगर पुलिस को दी। पुलिस द्वारा इसकी सूचना पुरातत्व अधिकारियों को दी।
इस सूचना पर मथुरा में तैनात कनिष्क संरक्षण सहायक सतीश कुमार मौके पर पहुंचे और मूर्तियां अपने कब्जे में ले लीं। उन्होंने बताया कि मिली मूर्तियों में से एक मूर्ति गणेश भगवान की प्रतीत होती है लेकिन अन्य मूर्तियों के बारे में जानकारी की जा रही है कि यह मूर्तियां कितनी पुरानी हैं।