फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: श्रीबांकेबिहारी की छवि को निहारते रह गए पूर्व राष्ट्रपति

विज्ञापन
विज्ञापन
वृंदावन। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने पत्नी सविता कोविंद और पुत्री स्वाति कोविंद व अन्य रिश्तेदारों के साथ ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्होंने ठाकुरजी के चरणों में शीश नवाया। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति श्रीबांकेबिहारी लाल की मनमोहक छवि को निहारते रह गए। उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
विज्ञापन

पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में गेट नंबर एक से वीआईपी कठघरे तक की रेलिंग हटा दी गई। उनके आगमन के समय गेट नंबर दो से श्रद्धालुओं का प्रवेश कुछ समय के लिए रोक दिया गया जबकि श्रद्धालुओं को गेट नंबर तीन से दर्शन कराए जाते रहे। पूर्व राष्ट्रपति का काफिला गोल्फ कार्ट से वीआईपी पार्किंग होते हुए मंदिर पहुंचा। मंदिर परिसर में उनके लिए लाल कालीन बिछाया गया था।
परिवार सहित मंदिर पहुंचे रामनाथ कोविंद ने श्रीबांकेबिहारी लाल की चौखट पर पहले शीश नवाया और इसके बाद जगमोहन की देहरी पर इत्र सेवा कर दीप जलाया। कोविंद ने ठाकुरजी से देश और दुनिया की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि विश्व में मानवता की भावना जागृत रहे। हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और सभी लोगों का कल्याण हो। उन्होंने कहा कि ठाकुर श्रीबांकेबिहारी सभी भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखें और सबका ध्यान रखें। सेवाधिकारी अनिल गोस्वामी और आनंद गोस्वामी ने पूर्व राष्ट्रपति और उनके परिजन को माला, प्रसादी पटुका भेंट किया।
विज्ञापन


पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मंदिर के बाहर चबूतरे पर सफेद रंग की तीन कुर्सियां लगाई गईं थीं। सुरक्षा कर्मियों ने पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र की जांच की। पूर्व राष्ट्रपति के मंदिर आगमन और वापसी के दौरान सुरक्षा कारणों से उनके आने-जाने वाले मार्ग पर वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई। मंदिर में श्रद्धालुओं को करीब आधे घंटे तक दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए श्रद्धालुओं को रोक-रोककर मंदिर में प्रवेश दिया गया।

प्रेम मंदिर में दर्शन, धानुका आश्रम में देखी रासलीला
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद परिवार सहित प्रेम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने राम मंदिर, राधा-कृष्ण के दर्शन किए। वहीं कृपालु महाराज की प्रतिमा का पूजन करने के बाद फव्वारे को देखा और पुरानी यादों पर चर्चा की। वह पांच वर्ष पूर्व भी प्रेम मंदिर आए थे। इसके बाद वह धानुका आश्रम पहुंचे, जहां आयोजित रासलीला में शामिल हुए। कोविंद आज सुबह विवांता होटल से रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम जाएंगे। यहां से सिग्नेचर वृंदावन धाम का शुभारंभ करेंगे और रामकथा में सहभागिता करेंगे। फिर इस्कॉन (ओल्ड) और इस्कॉन मंदिर जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें