वृंदावन कुंभ मेला क्षेत्र के सांस्कृतिक पंडाल में कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन। कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक के सांस्कृतिक पंडाल में मंगलवार को ब्रज संस्कृति की धूम रही। होली की प्रस्तुति के साथ लोकगीतों और अन्य होलीमय प्रस्तुति पर दर्शक होली के आनंद में सराबोर हो गए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राच्य दर्शन महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनोरम सांस्कृतिक प्रस्तुति से की। इसके बाद खुशबू, कामिनी, ललिता, कौशल्या, राधा ने कान्हा के संग होली खेलो होली रास की प्रस्तुति दी। लक्ष्मी सैनी ने राजस्थानी लोकनृत्य प्रस्तुत किया। कुमारी खुशबू और साथियों द्वारा नंद भवन में उड़ रही धूल की प्रस्तुति ने सभी को आनंदित कर दिया। कार्यक्रम में मीराबाई का भजन ‘अली मोहे लागे वृंदावन नीको पर’ खुशबू और उनके साथियों ने समूह नृत्य से समा बांध दिया।
रेनू और सुमन ने ‘सुन ले ब्रज धाम किशोरी’ पर तो महिमा ने ‘मैया यशोदा तेरो कन्हैया पर’ मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। ब्रज के लोकगीत ‘बंसी वाले ने घेर लई’ पर रेनू ने और ‘मनमोहन तुझे रिझाऊं’ पर लक्ष्मी ने भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में हरियाणवी लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, नारी स्वावलंबन एवं बालिका शिक्षा पर भी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी गई। डॉ. लक्ष्मी गौतम के निर्देशित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर हिमांगी सखी रहीं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृंदावन का कुंभ निश्चित रूप से सभी आने वाले भक्तों के लिए सौभाग्य का अवसर है। यहां कण-कण में साक्षात श्रीकृष्ण और राधा का आभास होता है। कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र शर्मा, समन्वयक अनूप शर्मा एवं संजय शर्मा ने अतिथियों का सम्मान किया। संचालन रश्मि शर्मा और आभार शर्मा ने किया।
------