यमुना एक्सप्रेस वे पर थाना सुरीर क्षेत्र में तेज गति पर टायर फटने के बाद अनियंत्रित हुई क्वालिस कार पहले डिवाइडर से टकराई और उसके बाद रैलिंग तोड़ती हुई एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई।
इस हादसे में क्वालिस कार में सवार प्रवासी भारतीय रूपेंद्र दत्ता की पत्नी, दो बेटियों, बेटे और साली की मौत हो गईं। रूपेंद्र समेत तीन की हालत गंभीर बनी हुई हैं। हादसे के वक्त ये लोग कार से आगरा ताजमहल देखने जा रहे थे।
यह दर्दनाक हादसा रविवार दोपहर 3:30 बजे वे एक्सप्रेस वे पर किलोमीटर संख्या 79 सुरीर कोतवाली क्षेत्र के गांव लमतौरी के पास हुआ। रूपेंद्र दत्ता मूल रूप से विकास मार्ग लक्ष्मीनगर, साईं बाबा मंदिर के पास स्थित मकान नंबर 65 के रहने वाले हैं और उनका आस्ट्रेलिया में रेस्टोरेंट है।
25 दिन पहले वह परिवार के साथ दिल्ली आए थे और रविवार को आगरा ताजमहल देखने जा रहे थे। इस हादसे में रूपेंद्र दत्ता की पत्नी अनामिका (46), बेटी बिपासा दत्ता (11) व निकिता दत्ता (8), बेटे दिग्विजय (20), साली सोनिया मल्होत्रा की मौत हो गईं।
रूपेंद्र दत्ता, उनके ससुर एनके पाल, चालक शंभू निवासी ओम विहार पीर बाबा वाली गली, उत्तम नगर, नई दिल्ली की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के वक्त कार काफी तेज गति पर थी, अचानक कार का एक अगला टायर फट गया, उसके बाद अनियंत्रित हुई कार पहले डिवाइडर से टकराई और उसके बाद एक्सप्रेसवे पर दूसरी साइड़ में चली गई।
इसी बीच चालक ने ब्रेक लगाए तो कार का पीछे का एक टायर भी फट गया और उसके बाद कार रैलिंग तोड़ती हुई नीचे जा गिरी। सूचना पर एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस व सुरीर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलोें को जिला अस्पताल पहुंचाया।