मथुरा। नगर निगम की बोर्ड बैठक में भिड़े भाजपा व कांग्रेस पार्षदों की रार थमने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार को बोर्ड बैठक में हुए विवाद के बाद अब कांग्रेस पार्षद धनंजय चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके भाजपा पार्षद कुलदीप पाठक पर चौथ वसूली का आरोप लगाया है।
धनंजय ने फेसबुक पर लिखा है कि सौंख अड्डा स्थित ढाबे की टिनशेड को नगर निगम की टीम ने ध्वस्त किया था। निगम की यह कार्रवाई पार्षद कुलदीप के कहने पर हुई थी। कुलदीप ने ढाबा संचालक से चौथ मांगी थी, लेकिन संचालक ने चौथ देने से मना किया तो उन्होंने अधिकारियों से कहकर ढाबा को ध्वस्त करा दिया। धनंजय ने कहा कि व्यापारियों के साथ अन्याय होगा तो वह उनके साथ खड़े होकर समर्थन करेंगे। वहीं कुलदीप ने इन आरोपों को निराधार बताया है। इस घटना ने नगर निगम की राजनीति में तनाव बढ़ा दिया है और दोनों दलों के समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस जारी है।