मथुरा। सिद्धक्षेत्र श्रीचौरासी जैन मंदिर में आचार्य श्री108 सुरत्न सागराचार्य महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य मे चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कलश स्थापना के अवसर पर प्रथम कलश की बोली 3.31 लाख रुपये में लगी, जिसे आलोक जैन एवं विवेक जैन ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं मंगल दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कलश स्थापना से लगभग आठ लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई।
आचार्य सुरत्न सागराचार्य महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में चातुर्मास के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आत्मशुद्धि, संयम, स्वाध्याय, तप और धर्माराधना का श्रेष्ठ अवसर है। कार्यक्रम के दौरान पूरा मंदिर परिसर णमोकार महामंत्र के जाप और जय-जयकारों से गुंजायमान रहा।